‘धरती का स्वर्ग उत्तराखंड’ पत्रिका और ‘देवभूमि का काव्य पुष्प’ पुस्तिका का हुआ विमोचन।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून के थानो स्थित लेखन गांव में आयोजित लेखन गांव इंटरनेशनल फेस्टिवल 2026 के समापन समारोह में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने ‘धरती का स्वर्ग उत्तराखंड’ पत्रिका और ‘देवभूमि का काव्य पुष्प’ पुस्तिका का विमोचन किया। कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक सहित कई साहित्यकार और शिक्षाविद मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में उत्तराखंड की साहित्यिक और सांस्कृतिक विरासत का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि राज्य की प्राकृतिक सुंदरता और आध्यात्मिक परंपरा ने लंबे समय से लेखकों, कवियों और विचारकों को प्रेरित किया है। साहित्य समाज के मूल्यों और विचारों को सामने लाने का माध्यम है तथा राज्य की पहचान को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहुंचाने में इसकी भूमिका महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम में उत्तराखंड की साहित्यिक धरोहर को संकलित और संरक्षित करने की जरूरत पर भी जोर दिया गया। ऐसे आयोजनों से स्थानीय लेखकों और नई पीढ़ी के रचनाकारों को मंच मिलने की उम्मीद है। राज्य की लोककथाओं, लोकभाषाओं, इतिहास और साहित्य को व्यवस्थित रूप से सामने लाने के प्रयास पर्यटन और सांस्कृतिक पहचान को भी मजबूती दे सकते हैं।
